जशपुर के पांच आदिवासी युवा अमेरिकी संस्था से लेंगे रॉक क्लाइंबिंग प्रशिक्षण
जशपुर के पांच आदिवासी युवाओं का अमेरिका की संस्था PCGI के रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण के लिए चयन। दिसंबर में बेंगलुरु में होगा प्रशिक्षण।
- पांच आदिवासी युवाओं का PCGI रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण के लिए चयन
- दिसंबर में बेंगलुरु में प्रशिक्षण; चार को लेवल-1 और एक को लेवल-2 प्रमाणन की उम्मीद
- जशपुर के युवाओं ने 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर विष्णु देव रूट बनाया
जशपुर के पांच आदिवासी युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। जनसंपर्क विभाग के अनुसार दिसंबर माह में बेंगलुरु में होने वाले इस प्रशिक्षण में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल होंगे।
यह पहल साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में जिले की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। प्रशिक्षित स्थानीय गाइड उपलब्ध होने से जशपुर आने वाले साहसिक पर्यटकों को बेहतर और सुरक्षित सुविधा मिल सकेगी, और युवाओं के लिए अपने ही क्षेत्र में रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
प्रशिक्षण में रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग की जानकारी दी जाएगी। यह प्रशिक्षण भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल त्व्डच् के साथ आयोजित होगा। प्रशिक्षण और मूल्यांकन पूरा होने पर चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।
इस पहल की शुरुआत वर्ष 2024 में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में हुई थी। छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था पहाड़ी बकरा एडवेंचर ने युवाओं को प्रारंभिक स्तर से रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण दिया। इसी टीम ने वर्ष 2025 के ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन में हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल श्रृंखला के 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर नया चढ़ाई मार्ग तैयार किया, जिसका नाम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में विष्णु देव रूट रखा गया।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाइड प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध होने से जशपुर यह उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है कि दूरदर्शी प्रशासन और समुदाय की भागीदारी से भारत को वैश्विक स्तर पर एक भरोसेमंद साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है। विज्ञप्ति के अनुसार जशपुर की इस पहल में स्थानीय आदिवासी युवाओं के स्वामित्व वाले निजी उद्यम भी जुड़े हैं, जिससे युवाओं को पर्यटन के संचालन और उद्यमिता से जोड़ने पर भी जोर है।
Source: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़





