गुवाहाटी के शोधकर्ताओं की नई सामग्री सूर्य के प्रकाश से पायरीन को 99% तक हटाती है
गुवाहाटी के वैज्ञानिकों ने MOF में धात्विक नैनोवायर से नई सामग्री बनाई, जो सूर्य के प्रकाश से पायरीन प्रदूषक को नष्ट करती है। जानें पूरी जानकारी।
- पैलेडियम-युक्त सामग्री ने अनुकूलित परिस्थितियों में पायरीन को 99 प्रतिशत तक हटाया
- एल्युमीनियम आधारित सामग्री ने पायरीन को 85 प्रतिशत तक हटाया
- अध्ययन एसीएस एप्लाइड एनर्जी मटीरियल्स पत्रिका में प्रकाशित हुआ
गुवाहाटी स्थित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी उन्नत अध्ययन संस्थान के शोधकर्ताओं ने एक ऐसी उन्नत सामग्री विकसित की है, जो सूर्य के प्रकाश की मदद से पायरीन जैसे पर्यावरणीय प्रदूषक को नष्ट कर सकती है। यह सामग्री मेटल-ऑर्गेनिक फ्रेमवर्क (MOF) में धात्विक नैनोवायर को शामिल करके बनाई गई है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, अनुकूलित परिस्थितियों में इसने पायरीन को 99 प्रतिशत तक हटाने में सफलता पाई।
पायरीन एक पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन है, जो पर्यावरण में लंबे समय तक बना रहता है और जीवों के लिए विषैला माना जाता है। इसका निपटान भी कठिन है, इसलिए इसे हटाने का सस्ता और प्रभावी तरीका खोजना पर्यावरण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सूर्य के प्रकाश से चलने वाली यह प्रणाली टिकाऊ पर्यावरणीय उपायों की दिशा में एक नया विकल्प दिखाती है।
शोधकर्ताओं ने आइसोरिटिक्युलर MOF-8 में कॉपर नैनोवायर को समाहित किया और प्रकाश अवशोषण बढ़ाने के लिए पैलेडियम की नैनोसंरचनाएं जोड़ीं। विज्ञान विभाग के अनुसार, पैलेडियम के स्थान पर एल्युमीनियम का उपयोग भी परखा गया, क्योंकि यह प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है, किफायती है और इसमें उत्कृष्ट प्लास्मोनिक गुण हैं। एल्युमीनियम आधारित सामग्री ने पायरीन को 85 प्रतिशत तक हटाया। इससे कीमती धातुओं पर निर्भरता घटाने की संभावना भी सामने आई है।
प्रो. देवाशीष चौधरी के मार्गदर्शन में हुए इस अध्ययन में उनके पीएचडी शोधार्थी सुश्री नेत्रा प्रोवा बरुआ सहित कई शोधकर्ताओं ने सहयोग किया। अध्ययन के निष्कर्ष हाल ही में एसीएस एप्लाइड एनर्जी मटीरियल्स पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं। प्रो. चौधरी ने कहा, "यह शोध एल्युमीनियम आधारित प्रणाली विकसित करने का भी एक प्रयास है। इस प्रणाली ने उल्लेखनीय फोटोकैटेलिटिक प्रदर्शन किया है, जो उत्कृष्ट धातुओं (नॉबल मेटल्स) पर निर्भरता कम करने की इसकी क्षमता को रेखांकित करता है।"
Source: पत्र सूचना कार्यालय (PIB)





