उप मुख्यमंत्री अरुण साव से मिले 6 राज्यों के 150 युवा, दिया सफलता का मंत्र
रायपुर में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने 'वंदे मातरम शिविर' में छत्तीसगढ़ आए 6 राज्यों के युवाओं से मुलाकात की। जानें युवाओं को दिया गया संदेश।
- छह राज्यों के 150 युवाओं ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात
- सात दिवसीय 'वंदे मातरम शिविर' 17 से 23 नवंबर तक रायपुर में आयोजित
- 'विविधता में एकता' और विकसित भारत 2047 का संदेश दिया गया
छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के युवाओं ने उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव से मुलाकात कर सफलता का मंत्र लिया। नवा रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में हुई इस भेंट में युवाओं ने सप्ताह भर के प्रवास के अपने अनुभव साझा किए।
भारत सरकार के 'वंदे मातरम शिविर' के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से कुल 150 युवा छत्तीसगढ़ आए थे। मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 नवंबर से 23 नवंबर तक आयोजित इस सात दिवसीय शिविर का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता और आधुनिक जीवन-कौशल को एक साथ विकसित करना था।
शिविर के दौरान युवाओं ने राज्यपाल श्री रमेन डेका से मुलाकात की और सिरपुर, आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांकन तथा विधान सभा का भ्रमण किया। रायपुर में उन्होंने "सियान गुड़ी" (वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह) में बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराध और उद्यमिता पर संवादात्मक सत्र भी आयोजित हुए।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसके नेतृत्व की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी। उन्होंने कहा, "भारत की विशेषता उसकी विविधता में एकता है। देश में हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और वेशभूषा बदल जाती है, लेकिन इन विविधताओं के बावजूद हम सब एक हैं।" उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए आधुनिक शिक्षा के साथ अपनी संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं के ज्ञान की आवश्यकता पर भी बल दिया।
श्री साव ने युवाओं से कहा कि सफलता उसी को मिलती है, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला करने का साहस हो। उन्होंने कहा, "सात दिनों में आपने 200 दोस्त ही नहीं बनाए, बल्कि देशभर में 200 नए परिवारों से रिश्ते जोड़े हैं।" उन्होंने युवाओं से शिविर की ऊर्जा और वंदे मातरम की भावना को जीवनभर बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर मेरा युवा भारत के राज्य समन्वयक श्री अर्पित तिवारी भी मौजूद थे।
स्रोत: जनसंपर्क विभाग, छत्तीसगढ़










